बिना मान्यता स्कूल का संचालन बंद करने को कहा
बागेश्वर गरुड़, ( आखरीआंख ) तहसील के बैजनाथ क्षेत्र में चल रहे एक प्राइवेट स्कूल का संचालन बंद होगा। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में कई खामियां मिली। बीईओ ने विद्यालय के प्रबंधक को नोटिस देकर स्कूल का संचालन बंद करने को कहा है।
विकासखण्ड मुख्यालय को जाने वाले मार्ग पर एक प्राइवेट स्कूल बिना मान्यता के चल रहा था। राजकीय प्राथमिक विद्यालय गड़सेर के एसएमसी सदस्यों ने जिलाधिकारी समेत मुख्य शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी से इसकी शिकायत की थी। एसएमसी सदस्यों का कहना था कि 20 मीटर की परिधि में इस स्कूल के खुल जाने से राप्रावि गड़सेर व आंगनबाड़ी गड़सेर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि स्कूल मानकों पर नहीं चल रहा है और स्कूल को मान्यता भी नहीं मिली है। इस पर सीईओ ने गरुड़ के खंड शिक्षा अधिकारी को स्कूल की जांच करने के आदेश दिए थे। खंड शिक्षा अधिकारी उमेद सिंह रावत ने स्कूल का निरीक्षण किया तो उन्हें स्कूल में कई खामियां मिली। बीईओ ने विद्यालय के प्रबंधक को नोटिस देते हुए कहा कि स्कूल बिना मान्यता के चल रहा है, जो कि आरटीई के मानकों के विरुद्ध है। उन्होंने विद्यालय संचालन बंद करने को कहा है। बीईओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्कूल संचालन बंद नहीं किया गया तो प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बीईओ की इस कार्रवाई से बिना मान्यता के चल रहे स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
