September 21, 2024

धर्म नगरी में स्वच्छ भारत दर्शन !!केआरएल पर लगाया कूड़ा उठाने में लापरवाही बरतने का आरोप

हरिद्वार, ( आखरीआंख )  पार्षद दीपिका बहादुर ने कहा कि केआरएल कंपनी घरों का कूड़ा लाने ले जाने में लगातार अनियमितताएं बरत रही है। सड़कों पर फैला कूड़ा कंपनी की तरफ से लगाए गए कर्मचारी सही समय पर नहीं उठा रहे हैं। जिसको लेकर क्षेत्र निवासियों में भी नाराजगी बनी हुई है। वार्ड 42 की बाल्मिकि बस्ती की सड़कों पर जगह-जगह कूड़े अंबार लगे हुए हैं। सही समय पर कंपनी के वाहन कूड़ा उठाने के लिए क्षेत्रों में नहीं पहुंचते हैं। जिससे आवारा पशु सफाईकर्मियों द्वारा एकत्र किए गए कूड़े को इधर उधर फैला देते हैं। चारों और लगे गंदगी के ढेर की वजह से संक्रामक रोग फैलने की संभावना भी बनी हुई है। कंपनी के अधिकारी सफाई व्यवस्था में लगाए गए कर्मचारियों को सही दिशा निर्देश नहीं दे पा रहे हैं। घरों से कूड़ा नहीं उठ पा रहा है। जबकि कूड़ा उठाने के लिए प्रति घर शुल्क भी वसूल किया जा रहा है। लेकिन कूड़ा  उठाने की डयूटी को सही तरीके से अंजाम नहीं दिया जा रहा है। यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रवि बहादुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सड़कों का कूड़ा सही समय पर नहीं उठाया गया तो शुक्रवार से केआरएल कंपनी के किसी भी वाहन को वार्ड में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए आंदोलनभी करना पड़ेगा तो पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि कई बार मेयर अनीता शर्मा भी केआरएल कंपनी के अधिकारियों को सही समय पर कूड़ा उठाने की हिदायत दे चुकी हैं। मेयर की हिदायत के बावजूद कंपनी के कर्मचारी वार्ड 42 के घरों से कूड़ा नहीं उठा रहे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही गंदगी के कारण मच्छर-मक्खी पनपने शुरू हो गए हैं। रवि बहादुर ने कहा कि केआरएल कंपनी के अधिकारियों की उदासीनता व कर्तव्य पालन में लापरवाही के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। यदि जल्द कूड़ा उठाने की व्यवस्था को ठीक नहीं किया गया तो कंपनी के कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उपनगरी ज्वालापुर की उपेक्षा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।