March 3, 2026

आये दिन मिल रही टिकटों के कालाबाजारी की शिकायतः पुरूषोत्तम

रुद्रप्रयाग,  ( आखरीआंख )  गढ़वाल आयुक्त डॉ बीवीआर सी पुरूषोत्तम ने केदारनाथ यात्रा के लिए सेवायें दे रही नौ हेली कम्पनियों के प्रबन्धकों की बैठक ली। बैठक की अध्यक्षता करते हुए गढ़वाल आयुक्त ने एडीएम व सीओ को टिकटों की पारदर्शिता बनाये रखने के लिए सघन चैकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि आये दिन टिकटों की कालाबाजारी की मौखिक व न्यूज पेपरों के माध्यम से शिकायत मिल रही है। इसके लिए एडीएम व सीओ नियमित रूप से विभिन्न तरीकों से चैकिंग चलाएं। इससे टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगेगी। ऐसे व्यक्ति की पहचान होने पर शीघ्र अरेस्ट कर कारवाई की जाय। इसके साथ हेली कम्पनियों को टिकटो की पारदर्शिता को बनाये रखने के लिए सख्त हिदायत दी। कहा कि किसी भी कम्पनी की कालाबाजारी में संलिप्तता का प्रमाण पाये जाने पर कम्पनी को सीज कर दिया जायेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कम्पनी की होगी। केदारनाथ यात्रा में देश-विदेश से यात्री आते हैं। उत्तराखण्ड की छवि को बनाये रखने में सभी अपना कार्य ईमानदारी से निर्वहन करें। राज्य की एकता, अखण्डता व सम्प्रभुता को खतरे में डालने वालों के विरूद्ध राज्य सरकार ठोस कदम उठायेगी। इस अवसर पर गढवाल आयुक्त ने हेली संचालकों को समस्त हेलीपैडो पर डिस्पले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। डिस्पले बोर्ड में सम्बन्धित हैली कम्पनियों द्वारा आगामी दिवस के लिए जारी होने वाले ऑफलाइन टिकटों की संख्या के साथ ही गत दिवस के बैकलॉग टिकट व टिकट जारी करने के समय को बोर्ड में प्रदर्शित करना होगा, जिससे यात्रियों को जानकारी रहेगी कि कितने टिकट जारी होने है व उन्हें अनावश्यक परेशान नहीं होना पडे़गा। बैकलॉग टिकट अर्थात मौसम खराब होने के कारण कई यात्री निर्धारित तिथि को धाम नहीं जा पाते इससे आगामी दिवस में हैली से यात्री करने वालों की संख्या ज्यादा हो जाती है। पिनक्कल व कैरस्टल कम्पनियों के ऑफलाइन टिकट अर्थात तीस प्रतिशत टिकट जीएमीवीएन द्वारा बुक किये जा रहे हैं। इन टिकटों में जीएमवीएन द्वारा क्यूआर कोड दिया जाता है, जिसे हेली कम्पनियों द्वारा स्कैन करने के पश्चात ही बोर्डिंग पास जनरेट हो रहे हैं। इसके साथ ही आयुक्त ने सम्पूर्ण यात्रा मार्ग में धाम में होने वाले पूजा दर्शन के खुलने व बन्द समय को डिस्पले बोर्ड से प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को दर्शन की जानकारी रहे। नोडल हेली को 23, 24 व 25 मई को ऑफलाइन जारी हाने वाले टिकटों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम अरविन्द पाण्डे, सीओ मिथिलेश कुमार, सीवीओ डॉ आरसी नितवाल, साहसिक अधिकारी पर्यटन सुशील नौटियाल, एई एनएच राजबीर सिंह, सुरेन्द्र पंवार सहित हेली कम्पनियों के मैनेजर उपस्थित थे।

You may have missed