March 15, 2026

– निकाले गए 108 कर्मचारियों ने किया सचिवालय कूच, पुलिस ने रोका, नोक-झोंक

देहरादून, ( आखरीआंख )  नई कंपनी में समायोजन की मांग को लेकर एंबुलेंस 108 और खुशियों की सवारी (केकेएस) के निकाले गए कर्मचारियों ने सचिवालय कूच किया, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कनक चैक के पास रोक दिया, इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ तीखी नोक-झोंक भी हुई।
अपनी मांगों को लेकर 108 सेवा के निकाले गए कर्मचारियों ने मंगलवार को अध्यक्ष नीरज शर्मा के नेतृत्व में धरना स्थल परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच किया।  उनका कहना था कि परिवार को चलाने के लिए रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सचिवालय कूच में 108 कर्मचारी के निकाले गए कर्मचारी व अन्य संगठनों के लोग भी शामिल हुए। सचिवालय कूच के दौरान कर्मचारियों की कई बार पुलिस के साथ तीखी नोक-झोंक हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सचिवालय से पहले कनक चैक पर ही रोक दिया। इस दौरान 108 कर्मचारियों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। रोके जाने पर कर्मियों ने वहीं पर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक आंदोलन जारी रखेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वे काफी समय से 108 सेवा में रोजगार के साथ ही इमरजेंसी सेवा देते रहे। किन्तु अब उनकी नौकरी पर तलवार लटक गई है और राज्य सरकार ने उनकी पीड़ा को देखते हुए अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है। सरकार ने 108 सेवा को संचालित करने के लिए जीवीके की बजाय कैम्पा संस्था को संचालन का जिम्मा दिया है। जिसके चलते 108 में लगे कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो गया है। 108 कर्मचारियों की सचिवालय कूच के दौरान रैली में बडी संख्या में कांग्रेसी भी पहुॅंचे। जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, किशोर उपाध्याय, लालचंद शर्मा, राजकुमार, सूर्यकान्त धस्माना, दौलत कुॅंवर आदि शामिल थे। कर्मचारियों ने पुराने वेतन के साथ कम्पनी में रखे जाने और आयु में छूट की मांग की है। इस दौरान नीरज शर्मा, शीशपाल, रमेश डंगवाल, रोहित, प्रदीप चैहान, आशा नेगी, सुमित शाह, दीप सत्यावती, पूजा कोटनाला, दिव्या रावत, प्रियंका आदि मौजूद रहे।