जिलापंचायत अध्यक्ष और ब्लाॅक प्रमुख का सीधा चुनाव होः विपुल जैन
देहरादून, ( आखरीआंख ) सामाजिक कार्यकर्ता विपुल जैन ने कहा कि जिलापंचायत अध्यक्ष और ब्लाॅक प्रमुख का जनता द्वारा सीधा चुनाव हो। इनका सीधा जनता द्वारा चुनाव न होने के कारण सदस्यों में से चुने जाने के दौरान भारी भ्रष्टाचार होता है। उनका कहना है कि उत्तराखण्ड में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाॅक प्रमुख के चुनाव निर्वाचित सदस्यों द्वारा मतदान से करने के एवज मे व्याप्त भ्रष्टचार को लेकर उच्च न्यायालय में उनके द्वारा दायर जनहित याचिका को स्वीकार करते हुए हाईकोर्ट ने इस विषय को गंभीरता से लिया। याचिका कर्ता विपुल जैन ने अपने अधिवक्ता अभिजय नेगी द्वारा दाखिल याचिका में न्यायालय से आगामी पंचायती चुनाव में भ्रष्टाचार को दूर किये जाने के लिए प्रदेश सरकार एवं प्रदेश चुनाव आयोग को दिशा निर्देश दिये जाने की प्रार्थना की है। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में विपुल जैन ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य में 13 जिलापंचायत अध्यक्ष एवं 96 ब्लाॅंक प्रमुख के चुनाव में 500 करोड़ से ज्यादा के भ्रष्टाचार को रोकने से प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्र के विकास में दुरगामी परिणाम होंगे। स्व0 राजीव गांधी द्वारा पंचायती राज एक्ट को बेहतर तरीके से लागू करने की धारणा से ग्रामीण भारत मजबूत होगा। पत्रकार वार्ता के दौरान उनके साथ विजय चैहान भी उपस्थित रहे।
