March 15, 2026

अल्मोड़े में 3 जिलों के स्वयंसेवको का 15 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

अल्मोड़ा । -युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार व नेहरू युवा केन्द्र अल्मोड़ा संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकांे का 15 दिवसीय अभिमुखी प्रशिक्षण का आज प्रसार प्रशिक्षण केन्द्र हवालबाग में शुरूआत हो गयी। इस प्रशिक्षण के शुभारम्भ के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रशिक्षार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जो भी प्रशिक्षण लिया जाय हो उसमें अनुशासित होना अति आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवको से कहा कि वे अपने दैनिक दिनचर्या में कुछ न कुछ श्रमदान अवश्य करें। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिदिन किसी न किसी प्रशासनिक अधिकारी को व्याख्यान देने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को विभिन्न संस्थानों का भ्रमण करवाने के निर्देश भी दिये।
इस अवसर पर राज्य निदेशक नेहरू युवा केन्द्र अपूर्व शिंदे ने भी इस प्रशिक्षण के स्वयंसेवकों को सम्बोधित किया और उन्होंने प्रशिक्षण की शुभकामनायें दी साथ ही जिला प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीन जनपदों अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ व चम्पावत के 44 स्वयंसेवक प्रतिभाग कर रहे है। जिला समन्वयक नेहरू युवा केन्द्र सुश्री प्रियंका नेगी ने इस प्रशिक्षण में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी हवालबाग पंकज काण्डपाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हवालबाग श्रीमती अंजू, जिला युवा समन्वयक उद्यमसिंह नगर मोहन साही, जिला युवा समन्वयक चम्पावत आशीष पंत, हिमांशु नैनवाल, आनन्द भट्ट सहित अन्य लोग उपस्थित थे।