Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

भारतीय मजदूर संघ ने की श्रमिकों की समस्याओं की निदान की मांग

बागेश्वर। भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों की समस्याओं के निदान को आवाज बुलंद कर दी है। उन्होंने कहा कि जिले के सन्निर्माण श्रमिकों को कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुयमंत्री को ज्ञापन भेजा। मजदूरों की मूलभूत समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। मजदूर संघ के क्षेत्र प्रमुख गणेश सिंह बोरा के नेतृत्व में श्रमिकों ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम ज्ञापन भेजा। उन्होंने बताया कि जिले के पंजीकृत मजदूरों को विवाहोपरांत व छात्रवृत्ति जैसे लाभ नहीं दिए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारी, भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड पंजीकृत श्रमिकों का शोषण कर रहे हैं। लगातार ज्ञापन देने के बाद भी श्रमिकों की अनदेखी की जा रही है। विभाग के आला अधिकारियों की लापरवाही के चलते मजदूरों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण की नियमावली तथा नवीनीकरण की में बोर्ड से किया गया संसोधन असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हित में नहीं है। सरकार व श्रमायुक्त भी इसको लेकर उदासीन बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त मजदूरों को दी जाने वाली दो सौ अस्सी रुपये प्रतिदिन की धनराशि का दो साल बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। जो श्रमिकों का शोषण है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की अन्य समस्याओं से भी मजदूरों को जूझना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से 15 दिन के भीतर समस्याओं का निदान करने को कहा। तय समय पर मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर विशन दत्त भट्ट, धीरज चंद्र जोशी, कमला, गंगा देवी, हेमा देवी, मंगल सिंह आदि मौजूद रहे।

Advertisement