कुमाऊंभर की भोजनमाताओं का नैनीताल में प्रदर्शन
नैनीताल। मांगों को लेकर कुमाऊंभर की भोजनमाताओं ने एकजुट होकर सोमवार को नैनीताल में प्रदर्शन किया। इस दौरान तल्लीताल से आयुक्त कार्यालय तक जुलूस भी निकाला। इसके बाद कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला को समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन के लिए स्कूलों को उवला गैस प्रदान की जाए।प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की महामंत्री रजनी जोशी के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों से पहुंचीं महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि सरकार ने उवला गैस योजना के तहत घर-घर गैस पहुंचाने का दावा किया है, लेकिन दुर्भाग्य यह है कि सरकारी स्कूलों में आज भी चूल्हे पर मध्याह्न भोजना बनाया जा रहा है। नैनीताल जिले के 1782 स्कूलों में से 868 स्कूलों में आज भी भोजनमाताएं चूल्हा फूंक रही हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में भोजन बनाने के लिए भोजनमाताओं को जंगल से लकड़ी लानी पड़ती है। कई बार उन्हें जंगली जानवरों का भी सामना करना पड़ता है। यही नहीं कई भोजनमाताएं धुएं के कारण कई बीमारियों से ग्रसित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भोजनमाताओं को धुएं से मुक्ति दिलाई जाए। उन्होंने बताया कि इंकलाबी मजदूर केंद्र, छात्र संगठन, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन समेत कई ट्रेड यूनियनों ने उनके आंदोलन को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की अध्यक्ष हंसी गजौला, संरक्षक शीला शर्मा, हंसी गौड़, जानकी पांडे, लक्ष्मी थापा, भगवती, नीता, नंदी देवी, तारा देवी, शुभा, शीला, नसीम जहां, हेमा देवी, चंपा देवी, तुलसी देवी, गंगा देवी, वीना देवी, प्रेमा बल्यूटिया, भगवती देवी, इंद्रा देवी आदि प्रदर्शन में शामिल रहे।
