Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

महिलाओं ने किया सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन 

अल्मोड़ा। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति से जुड़ी महिलाओं ने विभिन्न मांगों को लेकर चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। साथ ही शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस संबंध में महिलाओं ने मुयमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। गुरुवार को महिलाओं ने कहा प्रदेश में जहां एक तरफ युवाओं के पास रोजगार का बड़ा संकट गहराया हुआ है। वहीं, शराब और अन्य नशीले पदार्थ की बेलगाम बिक्री से पहाड़ की युवा शक्ति बर्बाद हो रही है। पहाड़ों में बंदर और जंगली जानवर फसलों को नष्ट कर रहे हैं। जिससे आम जन परेशान है। आये दिन महिलाएं, बचे और बुजुर्ग जंगली जानवरों का शिकार हो रहे हैं। इन नुकसानों से निजात पाने की कोई समुचित व्यवस्था और नीति प्रदेश सरकार के पास नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा पूरे देश में एक तरफ स्वछता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ शहरों के अंदर कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं है। शहरों के गली-मोहल्लों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। इस दौरान महिलाओं ने उक्त मांगों पर जल्द से जल्द अमल करने की मांग उठायी। कहा अगर उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगी। यहां समिति की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता पांडे, सचिव राधा नेगी, नलिनी पंत, हीरा देवी, पार्वती रावत, गीता पवार, किरन राणा, मनीषा, मंजू, पूनम, पल्लवी, गीता, चंद्रा, दिव्यांशिका, जया, भानू आदि रहीं।

Advertisement