Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

बागेश्वर में बस की टक्कर से डंपर खाई में गिरा, चालक सुरक्षित

बागेश्वर। हल्द्वानी को जाने वाली सवारी गाड़ी रोड किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। टक्कर लगने से डंपर खाई में गिर गया। गाड़ी भी पहाड़ी पर अटककर झूलने लगी। हादसा गाड़ी के ब्रेक नहीं लगने से हुआ। डंपर से टकराकर गाड़ी भी पहाड़ी पर अटक गई। घटना में ड्राइवर बाल-बाल बच गया। गाड़ी में सवारी नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार बागेश्वर से सुबह साढ़े पांच बजे हल्द्वानी को जाने वाली बस संया यूके 04पीए- 1107 स्टेशन से आगे बनी पार्किंग में खड़ी थी। सुबह पांच बजे के करीब चालक नंदन सिंह पुत्र पूरन सिंह ने बस का इंजन स्टार्ट किया। वह गाड़ी को रेस देकर उसका प्रेशर बना रहा था। अचानक गाड़ी तेज झटके के साथ चल पड़ी। ड्राइवर की कोशिश के बाद भी गाड़ी के ब्रेक नहीं लगे। वह रोड के दूसरे किनारे खड़े डंपर संया यूके 05सीए- 0507 से टकरा गई। टक्कर लगने के साथ ही डंपर खाई में गिर गया। झटके से बस भी पहाड़ी पर उतर गई। बॉडी टकराने के कारण गाड़ी पहाड़ी पर अटक गई। गाड़ी में बैठे चालक ने किसी तरह से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। इधर, केएमओयू इंचार्ज धरनीधर जोशी ने कहा रोजाना की तरह ड्राइवर गाड़ी स्टार्ट कर उसे गर्म कर रहा था। अचानक हादसा हो गया और गाड़ी की टक्कर से बिलौना निवासी प्रकाश सिंह का डंपर खाई में गिर गया। उन्होंने कहा गाड़ी का मालिक हल्द्वानी कुसुमखेड़ा का रहने वाला है।
पहले भी पहाड़ी पर अटककर बची थी बस – बागेश्वर। बस स्टेशन के समीप इसी स्थान पर पहले भी ऐसा ही हादसा हुआ था। करीब 10-12 साल पहले एक बस चालक गाड़ी को बैक कर रहा था। अचानक बस रोड से नीचे उतर गई। नीचे का हिस्सा टकराने के चलते गाड़ी पहाड़ पर झूलने लगी। गाड़ी में बैठे ड्राइवर को बमुश्किल बाहर निकाला गया था। इसके बाद भी प्रशासन ने यहां पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए। जिसके चलते एक बार फिर उसी तरह की घटना घट गई। हालांकि, गाड़ी में सवारी नहीं थी। जिसके चलते बड़ी घटना होने से बच गई।

Advertisement