केदारनाथ सहित ऊंचे स्थानों पर दूसरे दिन भी हुई जोरदार बर्फबारी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ सहित हिमालय की सभी ऊंची पहाडिय़ों पर दूसरे दिन भी जोरदार बर्फबारी हुई। विशेष रूप से केदारनाथ, मद्महेश्वर और तुंगनाथ की चोटियों में हिमपात होने से ठंड पूरी तरह असर दिखाने लगी है। बीते दो दिनों से सपूर्ण जिले में ठंड से लोग ठिठुरने लगे हैं।बुधवार को भी जिले में मौसम पूरी तरह ठंडकभरा रहा। मुयालय सहित जिले के सभी निचले स्थानों पर आसमान में बादल छाए रहे। जबकि केदारनाथ में रात से ही बर्फबारी हो रही है। सुबह भी यहां जोरदार बर्फबारी होती रही। मंदिर परिसर और सपूर्ण केदारपुरी बर्फ से सफेद हो गई है। देर सायं तक बर्फबारी होने के कारण केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हो गए हैं। खुले स्थानों पर होने वाले कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इधर केदारनाथ से लगी सभी पहाडिय़ों में बर्फ गिर रही है। मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चन्द्रशिला और इससे लगी पहाडिय़ों में बर्फबारी होने से केदारघाटी के ऊंचाई पर स्थित गांवों में भी ठंड बढ़ गई है। इधर मुयालय सहित जिले के सभी स्थानों पर मौसम के चलते लोग दिनभर ठिठुरते रहे। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गरम कपड़ों के साथ ही अलाव और बिजली से जुड़े अन्य आधुनिक उपकरणों का सहारा लिया। वुड स्टोन के प्रभारी मनोज सेमवाल ने बताया कि दो दिनों से केदारनाथ में जोरदार बर्फबारी हो रही है जिससे पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं केदारनाथ में मौजूद वुड स्टोन के देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि बुधवार को अधिक बर्फ गिरी है।
