Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

अनुष्ठान पर्व वेद मंत्रों के साथ शुरू हुआ माता अनसूया मेला 

 

चमोली। करोड़ों भक्तों की आस्था के मंदिर सती माँ अनसूया मंदिर में दो दिवसीय मेला और अनुष्ठान पर्व वेद मंत्रों के साथ शुरू हो गया है। इस धार्मिक मेले में जहां हजारों भक्त पहुंचे हैं। वहीं 7 गांवों की देवियों की डोलियां और निशाण ढोल-दमाऊ और भोकरों की ध्वनियों के साथ मां के मंदिर में पहुंची है। तप, साधना की देवी और निसंतान दपति को संतान देने की आस्था की देवी शक्ति शिरोमणि माता अनसूया का दो दिवसीय मेला बुधवार से शुरू हो गया है। अनसूया गेट पर गांव-गांव से पहुंची ध्याणियों मांगल गीतों से माता अनसूया का स्वागत किया। ध्याणियों ने अपनी आराध्य देवी को श्रृंगार सामग्री भेंट की। संतान कामना लेकर लगभग 356 बरोही ( मां से संतान की कामना करने वाले निसंतान दंपति) अनसूया माता मंदिर पहुंच गए हैं। वेद मंत्रों से हुआ उद्घाटन अनसूया गेट पर जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी ने दो दिवसीय अनसूया मेले का रिबन काटकर शुभारंभ किया। वेद पाठियों और संस्कृत महाविद्यालय मंडल के आचार्य कुमारों ने वेद मंत्र पढ़े। अलग-अलग गांवों से अनसूया गेट पर पहुंची देव डोलियों ने ढोल-दमाऊं की थाप पर नृत्य किया और अपने भक्तों को आशीर्वाद दिया। बुधवार को दोपहर में दो बजे कठूड़, खल्ला, बणद्वारा, देवलधार और सगर गांव से वाला माता (माता अनसूया की बहनें) की डोली मंडल में पहुंची। यहां देव डोलियों ने भक्तों को दर्शन दिए। यहां करीब आधा घंटे तक सभी देव डोलियों की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे दंपतियों और भक्तों ने अपनी आराध्य देवियों के दर्शन कर मनौतियां मांगी। जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी ने कहा कि अनसूया माता मंदिर तक सड़क निर्माण और आस्था पथ का सुधारीकरण कार्य करवाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, अनसूया मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बीएस झिंक्वाण, भगत सिंह बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र लाल, विक्रम बत्र्वाल, रघुवीर बिष्ट, पूर्व प्रधान रविंद्र सिंह, अरविंद नेगी, भूपाल सिंह राणा, ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, जोशीमठ प्रमुख हरीश परमार आदि मौजूद थे।

Advertisement