May 10, 2026

प्रहलाद मेहरा व पवन पहाड़ी के नाम रही कांडा महोत्सव की शाम, दर्शको ने जमकर उठाया लुत्फ

बागेश्वर। कांडा महोत्सव की पहली शाम प्रयात लोक गायक प्रहलाद मेहरा और हास्य कलाकार पवन पहाड़ी के नाम रही। एक ने लोगों को झूमने पर विवश किया तो दूसरे ने हंसा-हंसा कर लोटपोट होने का मजबूर कर दिया। लोक कला मंच के कलाकारों ने भी अपने डांस से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देर रात तक क्षेत्र के हजारों मेलार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रमों का जमकर लुत्फ उठाया। महोत्सव में शुक्रवार शाम सात बजे के बाद स्टार नाइट कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध लोक गायक प्रहलाद मेहरा ने एक के बाद एक कई गीत सुनाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनके गाये गीत हो हिमा कांछू तेरो जलेबी को डाब…. में दर्शक जमकर थिरके। उन्होंने पहाड़ कि चेली कभै नि खाया द्वि रवाटा सुख लै…. सुनाकर लोगों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद मंच पर आए उत्तराखंडी हास्य कलाकार पवन पहाड़ी। उन्होंने अपने ही अंदाज में मेलार्थियों का स्वागत किया। उनके दादी, दादी, दादी, मैं छू पवन पहाड़ी, पिथौरगढ़ बै, एल छू कांडा महोत्सव में सुनते ही पंडाल में बैठे दर्शकों में शोर मच गया। उन्होंने जोरदार तालियों से पवन का स्वागत किया। उन्होंने भी अपने चुटीले अंदाज में लोगों को कई कुमाउंनी किस्से, कथाएं, आण व काथा सुनाकर गुदगुदाया। कलाकार प्रेमा कोरंगा अन्य साथियों ने भी लोक गीतों से लोगों का दिल जीता। जन जागृति कला मंच और बागनाथ लोक कला मंच के कलाकारों ने भी अपने नृत्य प्रदर्शन से लोगों का मन मोहा। उन्होंने कई लोकगीतों पर आकर्षक लोकनृत्य पेश कर दर्शकों को देर रात तक कुर्सी से चिपके रहने को मजबूर किया।
पवन के साथ सेल्फी खिंचवाने की मची होड़ : महोत्सव में आये लोगों में प्रहलाद मेहरा और पवन पहाड़ी को लेकर खासा क्रेज देखा गया। पहाड़ी के साथ लोगों ने जमकर सेल्फी खिंचवाई। बचे, जवान, महिलाएं सभी उनके साथ एक सेल्फी लेने को बेताब दिखा।
दर्शक दीर्घा में जमकर थिरके लोग : कांडा। स्टार नाइट में क्षेत्र के अलावा बागेश्वर, कपकोट, दुग नाकुरी तहसील के विभिन्न गांवों से भी लोग पहुंचे। देर रात तक चले कार्यक्रम में हजारों की संया में लोग मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने लोकगीतों में जमकर डांस भी किया।
तहसील प्रशासन ने जलाए अलाव : महोत्सव को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन भी मुस्तैद रहा। तहसीलदार मैनपाल सिंह देर रात तक स्वयं मौजूद रहे। पुलिस व्यवस्था भी चाक चौबंद रही। लोगों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन ने अलाव का भी प्रबंध किया।