30 साल पुरानी मांग पूरी होने पर उत्साहित ग्रामीण
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले की धनुपर पट्टी के ग्रामीणों को 30 साल बाद सड़क के रूप में सौगात मिली है। 31 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी एवं जिपंअ अमरदेई शाह ने शिलान्यास किया। इस मौके पर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया है। सड़क सुविधा से यहां कई गांव वंचित थे। क्षेत्रीय लोगों की समस्या को देखते हुए रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने पीएमजीएसवाई में विभाग के द्वारा सर्वे कराकर केन्द्र सरकार से स्वीकृति प्रदान कराई। जिसमें तूना-पोखसारी मोटर मार्ग से ग्वेफड 9.5 किमी प्रथम व द्वितीय चरण कार्य के लिए 7 करोड 33 लाख तथा रैतोली-जसोली-नगरासू मोटर मार्ग 32 किमी प्रथम व द्वितीय चरण कार्य के लिए 24 करोड 50 लाख की लागत से सडक का निर्माण कार्य किया जाएगा। दोनों सड़कों का शिलान्यास एंव भूमि पूजन विधायक भरत सिंह चौधरी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह द्वारा किया गया। सड़क के अभाव में धनुपर क्षेत्र के कई गांव के ग्रामीण अब भी 4-5 किमी पैदल चलकर अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए मुयालय पहुंच रहे हैं। विशेषरूप से गर्भवती महिला एवं बुजर्गों को बड़ी परेशानियां उठानी पड़ रही है। सड़क बनने से ग्वेफड, क्यार्की, खैडी, घडिंयाल्का, पावौ, पीडा, भुनका समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों की 10 से 15 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। इस मौके विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा की सडक विकास की पहली सीढ़ी है, इससे गांवों का पलायन भी रुकेगा। कहा की रैतोली-जसोली-नगरासू मोटर मार्ग के बनने से दोनों धनुपर-रानीगढ़ क्षेत्र आपस में जुड जाएंगे। इन दोनों क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और इसके निराकरण का भरोसा दिलाया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अमरदेई शाह ने कहा की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, हर व्यक्ति के लिए जरुरी हैं। हर क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिले इसके लिए हम सब मिलकर कार्य करेंगे। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य शीला रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विजय कप्रवाण, अजय सेमवाल सुरेन्द जोशी, मोहन सिंह बिष्ट,सुरेन्द्र विष्ट, राकेश महोन,लक्ष्मण बिष्ट, जमोहन विष्ट लीला बिष्ट, दीपक विष्ट, देवा विष्ट ताजवर बिष्ट नंदपाल लाल सहित बडी संया में स्थानीय जनता एंव जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
