March 7, 2026

फारेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में हर स्तर पर हुई लापरवाही: जुगरान 

देहरादून। फारेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा घपले को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता रविंद्र जुगरान और परीक्षा में शामिल अयथिर्यों ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। परीक्षा में मिली ओएमआर शीट की तीसरी प्रति मीडिया के सामने रखते हुए उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए। जुगरान ने कहा कि भर्ती परीक्षा में हर स्तर पर चूक हुई है। रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में जुगरान के साथ फारेस्ट गार्ड परीक्षा के अयर्थियों के साथ ही यूपीसीएल-पिटकुल के जेई पदों पर चयनित हुए अयर्थी शामिल थे, जिनका चयन बाद में निरस्त कर दिया गया था। जुगरान ने सवाल उठाया कि एक तरफ जेई नियुक्ति प्रक्रिया निरस्त कर दी गई और फारेस्ट गार्ड में इतना कुछ होने के बाद भी इसे निरस्त नहीं किया जा रहा है। उन्होंने फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा की अयर्थियों को दी गई ओएमआर की तृतीय प्रति भी दिखाई और कहा कि इसकी गुणवत्ता इस लायक नहीं है कि हम यह देख सके कि किस प्रश्न का कौन सा उत्तर दिया गया है। क्योंकि मूल ओएमआर में दिए उत्तर का कार्बन इंप्रेशन तृतीय प्रति तक पहुंचा ही नहीं है। इससे मूल ओएमआर शीट में परीक्षा के बाद उत्तर बदलने की ग़ुंजाइश बन जाती है। उन्होंने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष के ट्रैक रिकार्ड पर भी सवाल उठाए। जुगरान ने कहा कि इस भर्ती परीक्षा में हुआ घपला, अव्यवस्थाओं, अनियमितताओं, कुप्रबंधन, परीक्षा केंद्र में मानकों के उल्लंघन के लिए आयोग, सरकारी मशीनरी, स्थानीय जिला प्रशासन और सरकार जिमेदार है। क्योंकि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की व्यवस्था नहीं थी। बगैर सीसीटीवी कैमरों की परीक्षा हुई। कई परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र में लगी फोटो का मिलान परीक्षार्थियों से किया ही नहीं गया। मोबाइल फोन परीक्षा केंद्रों के अंदर पहुंचे थे। बायोमेट्रिक चैकिंग परीक्षा शुरू होने के बाद की गई। जिससे साफ है कि परीक्षा में पारदर्शिता नहीं बरती गई। इस मौके पर कुलदीप तोमर, सचिन, सोनी कटारिया, सुप्रिया बडोनी, काजल रावत, दिनेश सिंह, भरत सिंह जौनसारी, सुनील चौहान समेत अन्य मौजूद रहे।