Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

रेल मार्ग निर्माण को बागेश्वर बन्द

बागेश्वर ।   टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर बागेश्वर बाजार बंद का व्यापक असर रहा। नगर की अधिकांश दुकानें बंद रही। तहसील परिसर में 56 दिन से चल रहे क्रमिक अनशन को व्यापार संघ ने भी अपना समर्थन दिया। आंदोलनकारियों ने तहसील परिसर से नगर में विशाल रैली निकाली। जिसमें विभिन्न संगठनों और व्यापारियों ने भागीदारी की। आंदोलनकारियों ने जनप्रतिनिधियों पर रेल लाइन मांग की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने रेल लाइन की मांग पूरी होने तक आंदोलन को जारी रखने की चेतावनी दी।

रेल निर्माण संघर्ष समिति के आंदोलन को समर्थन देते हुए व्यापार मंडल ने बाजार बंद रखने का ऐलान किया था। जिसका सुबह से ही असर देखा गया। बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रही। तहसील परिसर से रेल मार्ग निर्माण संघर्ष समिति ने विशाल जुलूस निकाला। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भी भागीदारी की। जुलूस नगर भ्रमण के बाद चैक बाजार पहुंचा। वहां हुई जनसभा में वक्ताओं ने रेल मार्ग निर्माण के लिए आंदोलन को उग्र करने और सभी लोगों से समर्थन देने का आह्वान किया।

रेल लाइन की सर्वे का कार्य अंग्रेजों के समय में हो गया है। 1882 में यह लाइन प्रस्तावित हुई। 1912 में सर्वे की गई। आजादी के बाद इस प्रोजेक्ट की केंद्र की सरकारों ने सुध नहीं ली। रेल लाइन की मांग को साल 2004 से ही संघर्ष समिति आंदोलन कर रही है। जिसके बावजूद रेल लाइन की सर्वे के अलावा सरकारों की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है। पिछले 15 अगस्त से समिति के सदस्यों ने रेल लाइन की मांग को क्रमिक अनशन शुरु किया है।

Advertisement