अंशकालिका श्रमिकों का श्रम विभाग के खिलाफ रोष
बागेश्वर। जल संस्थान के अंशकालिक श्रमिकों में श्रम विभाग के खिलाफ नाराजगी है। उन्होंने कहा कि विभाग उनके पंजीकरण कराने में आनाकानी कर रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जल्द उनका पंजीकरण कराने की मांग की। उन्होंने समस्या का निदान नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। जल संस्थान के अंशकालिक कर्मचारियों का शिष्टमंडल डीएम रंजना राजगुरु से मिला। उन्होंने बताया कि वह जल संस्थान में करीब 25 साल से सेवाएं दे रहे हैं। जिसके चलते उन्होंने श्रम विभाग में पंजीकरण के लिए आवेदन किया। सारी औपचारिकताएं भी समय पर पूरी कर दी। इसके बावजूद उनका पंजीकरण नहीं किया जा रहा है। विभागीय अधिकारी बार-बार कागज पूरे नहीं होने का हवाला देकर उन्हें टरकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आठ माह से श्रमिक विभाग के चक्कर काटकर परेशान हो चुके हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का निदान नहीं हो रहा है। इस दौरान विभाग ने कुछ कर्मचारियों का पंजीकरण कराया भी है। उन्होंने डीएम से उनकी परेशानी को देखते हुए विभाग को सभी अंशकालिक श्रमिकों का पंजीकरण करने के लिए निर्देशित करने की मांग की। इस मौके पर हरीश चंद्र कंसेरी, कमलाकांत, शेर सिंह, चनर राम, नंद किशोर जोशी आदि मौजूद रहे।
