June 19, 2026

कपकोट ग्राम प्रधान संगठन में दोफाड़

बागेश्वर। कपकोट ब्लॉक के ग्राम प्रधान संगठन में दोफाड़ हो गए हैं। तीन दिन पहले एक गुट ने भुवन सिंह ऐठानी को अध्यक्ष और गणेश मर्तोलिया को महासचिव नियुक्त किया था। इतना ही नहीं संगठन ने गांव के बजट में 65 प्रतिशत कटौती के विरोध में प्रदर्शन भी किया और एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा था। हालांकि तब भी संगठन का विरोध हो रहा था। अब दूसरे गुट ने केदार सिंह महर को अध्यक्ष और महेश दानू को महामंत्री नियुक्त कर पूरी कार्यकारिणी गठित कर दी है। गुरुवार को कपकोट ब्लॉक के प्रधानों ने बैठक कर नई कार्यकारिणी का गठन किया है। वक्ताओं ने कहा पूर्व में जो कार्यकारिणी गठित हुई थी, उसमें पूरे मानकों का पालन नहीं किया गया है। ब्लॉक में 119 ग्राम पंचायत हैं, इसमें से 70 उनके साथ हैं। ऐसे में पूर्व में बनी कार्यकारिणी का कोई अस्तित्व नहीं है। संगठन के लिए बास्ती के प्रधान केदार सिंह को अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा महेश दानू और गणेश मर्तोलिया महामंत्री, सुंदर राठौर, सीता कपकोटी, सीता गडिय़ा, भूपाल ऐरी, भावना जोशी मंत्री, राजू दानू, ममता टाकुली, नरेंद्र कोहली, पुष्पा देवी उपाध्यक्ष, उत्तम सिंह राठौर कोषाध्यक्ष, गणेश कुमार, विपिन उपाध्याय मीडिया प्रभारी तथा प्रताप मेहता को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। सभी ने संगठन की मजबूती पर बल दिया है। इस मौके विभिन्न गांवों के प्रधान मौजूद रहे।
हमारे संगठन के पास 89 ग्राम प्रधानों का समर्थन है। इसकी सूची उन्होंने दो मार्च को एसडीएम और बीडीओ को सौंप दी है। अब कुछ लोग संगठन के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। ऐसी राजनीति से उनके संगठन को कोई असर पडऩे वाला नहीं है। – भुवन सिंह ऐठानी, अध्यक्ष, ग्राम प्रधान संगठन, कपकोट।
ग्राम प्रधान अपना कार्यक्रम चला रहे हैं, मीडिया के माध्मय से उन्हें भी जानकारी मिल रही है। संगठन को लेकर उनके पास कोई पुष्ट जानकारी नहीं है। संगठन के लिए ब्लॉक से कोई नोटिफिकेशन का प्रावधान भी नहीं होता है। – गंगा गिरी गोस्वामी, बीडीओ, कपकोट।

You may have missed