Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

बागेश्वर में पुलिस जवानों के पास ना सेनेटाइजर, ना ग्लव्स

बागेश्वर। कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने की मुहिम में लगे पुलिस के जवान खुद ही सुरक्षित नहीं हैं। नगर के चप्पे-चप्पे पर तैनात इन कोरोना वीरों के पास न तो सेनेटाइजर है और नहीं ग्लव्स। जिसके चलते इन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनकी समस्या को देखते हुए मंगलवार को जिला रेडक्रॉस की टीम ने जवानों के पास जाकर उनके हाथों को सेनेटाइज किया। उन्हें मास्क भी उपलब्ध करवाए। कोरोना वायरस की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रदेश में लॉकडाउन किया गया है। इसके चलते पुलिस की जिमेदारी बढ़ गई है। जिले में भी पुलिस पूरी सतर्कता से अपने फर्ज निभा रही है। नगर के गोमती पुल, सरयू पुल, एसबीआई तिराहा, जिला अस्पताल तिराहा, विकास भवन तिराहा, आरे बायपास, द्यांगण बायपास सहित अन्य स्थानों पर पुलिस तैनात है, जो बेरिकेडिंग कर लोगों को अनावश्यक रूप से घूमने से रोकने का काम कर रही है। अपने काम को अंजाम देने के दौरान कई लोगों से इनका संपर्क हो रहा है। इसके बावजूद इनके पास स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए केवल मास्क ही उपलब्ध है। किसी भी पुलिस वाले के पास सेनेटाइजर और ग्लव्स नहीं हैं। मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला रेडक्रॉस की टीम ने पुलिस वालों की परेशानी को समझा। उन्होंने नगर में तैनात पुलिस वालों के पास जाकर उनके हाथों को सेनेटाइज किया।
सभी पुलिस कर्मियों को मास्क, ग्लब्ज, सेनेटाइजर किट दिए गए हैं। इससे पूर्व 180 पुलिस कर्मियों को इसकी ट्रेनिंग भी दी गई है। जो थानों तथा बैरियरों पर तैनात पुलिस कर्मियों को इसके इस्तेमाल की जानकारी दे रहे हैं। प्रदेश मुयालय से और सेनेटाइजर की खेप आने वाली है। आते ही उसे भी बांट दिया जाएगा। – रचिता जुयाल, एसपी बागेश्वर।

Advertisement