बागेश्वर में एसपी की पहल पर सुरक्षित प्रसव बाद महिला को भिजवाया घर
बागेश्वर। लॉकडाउन के कारण इन दिनों प्रसव पीडि़ताओं से लेकर अन्य रोगियों को वाहन नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए मित्र पुलिस आगे आ रही है। शुक्रवार को मित्र पुलिस की मित्रता सामने आई। उन्होंने सुरक्षित प्रसव के बाद महिला को उसके घर भेजा। पुलिस के इस मानवीय व्यवहार पर लोगों ने खुशी जताई है। मालूम हो तीन दिन पहले एसपी रचिता जुयाल ने जिले में नई पहल शुरू की थी। उन्होंने कहा था लॉकडाउन के दौरान कोई भी प्रसव पीडि़ता सड़क पर नहीं तड़पेगी। उसे अस्पताल लाने ले जाने में पुलिस मदद करेगी। दो दिन पूर्व कांडा तहसील के नागर साहू गांव निवासी राजेंद्र सिंह की पत्नी पुष्पा को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। 108 की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात उनका सुरक्षित प्रसव हुआ। शुक्रवार को उन्हें अपने गांव जाना था, लेकिन लॉकडाउन के चलते उन्हें वाहन नहीं मिल पाया। इस समस्या को परिजनों से एसपी को उनके मोबाइल नंबर पर बताई। एसपी ने तुरंत कोतवाल को निर्देश दिए कि पुलिस के वाहन से महिला को सकुशल उसके घर भेजें। एसपी के निर्देश के बाद महिला को उसके घर भेजा गया। पुलिस की इस पहल का सभी ने स्वागत किया है।
मजदूरों को राहत सामग्री बांटी
एसपी जुयाल ने शुक्रवार को लॉकडाउन के दौरान नगर का जायजा लिया। बाहरी क्षेत्र से आए मजदूरों का हालचाल जाना और उन्हें कोतवाली में बुलाकर राहत सामग्री बांटी। सभी से सोशल डिस्टेंस बनाए रखने को कहा। एसपी ने कहा लॉकडाउन का उल्लंघन किसी को नहीं करने दिया जाएगा, लेकिन मानवीय पक्ष का भी पुलिस ध्यान रखेगी। लोगों से भी कानून बनाए रखने की अपील की। यहां सीओ महेश जोशी, कोतवाल डीआर वर्मा सहित महिला पुलिस कर्मी आदि रहे।
एमबी एक्ट में छह वाहन सीज
बागेश्वर जिले में शुकवार को भी पुलिस की सख्ती जारी रही। दोपहर चार बजे तक पुलिस ने एमबी एक्ट में छह वाहन सीज किए। 26 वाहनों का एमबी एक्ट में चालान किया। धारा 188 में 13 लोगों का चालान हुआ। किसी पर भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
