हल्द्वानी से पैदल अल्मोड़ा पहुंचे युवक समेत दो को शेल्टर होम में भेजा
अल्मोड़ा। कोरोना महामारी से बचाव को पूरा देश लॉकडाउन हो गया है। जिले के कई नौकरी पेशा लोग बड़े शहरों में फंसे हुये हैं। बीते शनिवार को जिले का एक युवक हल्द्वानी से पैदल चलकर अल्मोड़ा पहुंच गया। जिसे लोधिया में पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ के बाद युवक को जीआईसी में बनाये गये शेल्टर होम में भेज दिया है। जिले के सेराघाट नौगांव कसाण बैंड निवासी भास्कर जोशी (27) हल्द्वानी में किराये के कमरे में रहकर रुद्रपुर में नौकरी करता है। लॉकडाउन के बाद से वह कमरे में कैद हो गया। उसे घर आने के लिए कोई वाहन नहीं मिला। इस कारण वह शनिवार की शाम पैदल चलकर अल्मोड़ा पहुंच गया। लेकिन लोधिया बैरियर पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे शेल्टर होम जीआईसी में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों की ओर से उसकी थर्मंल स्क्रीनिंग की गई। युवक में कोरोना के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। युवक को शेल्टर होम में ही ठहराया गया है। वहीं शनिवार की शाम लोधिया बैरियर पर पुलि
स ने बल्टा निवासी अमित सिंह मेहता को भी पकड़ लिया। पुलिस के पूछने पर उसने बताया कि वह क्वारब में अपने रिश्तेदार के यहां से लौट रहा है। उसके बड़े शहर से लौटने का संदेह होने पर पुलिस उसे भी शेल्टर होम अल्मोड़ा भेज दिया है। दो दिनों से लगातार डॉक्टरों की टीम उनकी थर्मंल स्क्रीनिंग करने पहुंच रही है। इधर कोतवाल अरूण वर्मा ने बताया कि दो युवक पैदल आते हुये लोधिया बैरियर पर मिले थे। एक ने हल्द्वानी से पैदल तो दूसरे से क्वारब से आने की बात बताई है। दोनों को शेल्टर होम में ठहराया गया है।
