March 23, 2026

बागेश्वर में ओलावृष्टि से हुआ फसल हुई बरबाद

बागेश्वर। कपकोट के सरयू घाटी में मंगलवार को जमकर ओलावृष्टि हुई। क्षेत्र के कई गांवों में ओले गिरने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मौसम की मार से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू और क्षेत्र के किसानों ने फसलों के नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। मंगलवार को जिला मुयालय सहित अन्य स्थानों में सुबह तेज धूप निकली थी। दोपहर होने तक मौसम ने मिजाज बदला और आसमान बादलों से पट गया। सरयू घाटी के झूनी, खलझूनी, मिकिलाखलपट्टा, चौड़ास्थल, हरकोट, सहित पिंडर घाटी के खाती, वाछम और शामा क्षेत्र के रातिरकेटी, गोगिना, कीमू, मल्खाडुर्गंचा आदि गांवों में तेज हवाओं के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। जिससे खेतों में खड़ी फसल, सब्जियों और फलों को नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान चौड़ा चंदू खिंचयाल, झूनी कुंदन दानू, खाती कैलाश दानू, सूपी हेमा टाकुली, सोनू दानू, पुष्पा दानू, कैलाश कोरंगा, दर्शन कार्की, मनोहर राम, सोनू कोश्यारी आदि ने कहा इस बार मौसम की मार से काश्तकारों को सर्वाधिक नुकसान उठाना पड़ा है। मार्च और अप्रैल के महीनों में भी जमकर बारिश हो रही है। कई बार हुई ओलावृष्टि से फसलों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। जिससे किसानों की मेहनत मिट्टी में मिल गई है। वहीं, क्षेत्र पंचायत प्रमुख दानू ने कहा यहां के अधिकांश लोगों की रोजी रोटी का जरिया खेती और बागवानी है। मौसम की मार से इनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की।
तेज हवा से कई पेड़ धराशायी
बागेश्वर। क्षेत्र में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं। जिससे लोगों के घरों के पास के कई पेड़ भी धराशायी हो गए। लगातार चल रही हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। लोगों को भी इससे परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, पेड़ गिरने से किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।