March 20, 2026

गाड़ू घड़ा तेल कलश यात्रा डिमर से बदरीनाथ के लिए रवाना

चमोली। मंगलवार को विधविधान और पारंपरिक पूजा अनुष्ठान के साथ गाड़ू घड़ा तेल कलश यात्रा डिमर से बदरीनाथ के लिए रवाना हुई। जोशीमठ, पांडुकेश्वर होते हुए यात्रा 14 मई को बदरीनाथ पहुंचेगी और 15 मई को कपाटोद्घाटन के दौरान तेल कलश गर्भ गृह में पहुंचेगा।छह मई को डिमर पहुंचे तेल कलश को खांडू देवता के मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद गांव के पौराणिक लक्ष्मी नारायण मंदिर में रखा गया था। यहां छह दिनों तक पारंपरिक पूजा अनुष्ठान संपन्न किया गया। जिसके बाद मंगलवार सुबह पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोचार के साथ भगवान लक्ष्मी नारायण और तेल कलश की पूजा की गई। जिसके बाद तेल कलश यात्रा को डिमर गांव से विदा किया गया। यात्रा न्यू डिमर होते हुए बगड़, सिमली, पाडली होते हुए कर्णप्रयाग, लंगासू पहुंची। कोरोना संक्रमण के चलते न तो यात्रा कहीं रुकी और ना ही लोगों ने दर्शनों के लिए भीड़ लगाई। जिसकी नजर जहां से पड़ी वहीं से यात्रा पर फूलों का अर्पण कर स्वागत किया। मंगलवार को जोशीमठ के नृसिंग मंदिर में रुकने के बाद 13 मई को पांडुकेश्वर पहुंचेगी। जबकि 14 मई को यात्रा बदरीनाथ पहुंचेगी। इस दौरान डिमर उमट्टा पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, अरुण डिमरी, इंदूभूषण डिमरी, राकेश डिमरी, हरीश डिमरी आदि मौजूद थे।