बागेश्वर में उद्योग लगाने के लिए दो आवेदनों को मिली सैद्धांतिक स्वीकृति
बागेश्वर। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने उद्योग लगाने के लिए दो आवेदनों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। दोनों आवेदन एकल खिड़की व्यवस्था के तहत ऑनलाइन पोर्टल पर प्राप्त हुए थे। उन्होंने उद्योग विभाग को बाहरी रायों से आए प्रवासियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने और शासन से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय में एकल खिड़की सुगमता जिला प्राधिकृत समिति की बैठक हुई। महाप्रबंधक जिला उद्योग विमल चंद्र चौधरी ने बताया कि एकल खिड़की के तहत दो लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इसमें पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अग्नि शमन विभाग, पॉवर कारपोरेशन, पशुपालन और जिला विकास प्राधिकरण की ऑनलाइन सैद्धांतिक स्वीकृति मिली है। बैठक की अध्यक्षता कर रही डीएम ने दोनों आवेदनों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने विभाग से प्राप्त आवेदनों को समय पर स्वीकृति के लिए भेजने को कहा। प्राप्त आवेदनों में किसी प्रकार की समस्या या मानक नहीं पाए जाने पर टिप्पणी अनिवार्य रूप से करने को कहा। बैठक में सीएमओ डॉ. बीएस रावत, सीओ महेश चंद्र जोशी, मुय पशु चिकित्साधिकारी डॉ. उदय शंकर, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या, लीड बैंक अधिकारी एमएस पांगती आदि मौजूद रहे।
