बागेश्वर में वाहनों की भिड़ंत, एक यात्री घायल
बागेश्वर। कोतवाली पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत कलना बैंड के पास एक मैक्सी जीप और ट्रक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में जीप सवार एक युवक घायल हो गया। उसे वाहन में बैठे अन्य साथी जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को छुट्टी दे दी। वह सात दिन के क्वारंटाइन के बाद अपने घर खातीगांव जा रहा था। वाहन में बैठे अन्य सवारियों को खरोंच तक नहीं आई। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार अपराह्न तीन बजे बागेश्वर में मैक्स जीप संया यूके 02-टीए-1623 कांडा की ओर जा रही थी। कांडा से आ रहे टक संया यूके- 04-सीए- 5828 की कलना बैंड के पास भिडंत हो गई। इस हादसे में खातीगांव निवासी 17 वर्षीय अभिषेक मेहता पुत्र भरत मेहता घायल हो गया। वाहन में बैठे अन्य लोगों ने घायल को जिला अस्पातल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। इस दौरान मार्ग पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने जाम खुलवाया। इस मामले में किसी ने भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। एक अन्य घटना में पौड़ी बैंड के पास एक कार संया यूके 08- टीए- 5167 खाई में गिर गई। गनीमत रही की कार पेड़ से टकरा गई। वरना कार गहरी खाई में गिर जाती। पुलिस के अनुसार कार में चालक सोहन सिंह पुत्र चंदन सिंह निवासी रानीपुर हरिद्वार के अलावा जनौटी पालड़ी निवासी मनोज सिंह पुत्र दरवान सिंह बैठा था। हरिद्वार से आने के कारण उसे जांच के लिए बिलौना पहुंचना था। युवक मां शव यात्रा में शामिल होने के लिए हरिद्वार से घर आ रहा था।
