March 30, 2026

बागेश्वर में विषाक्त के सेवन से दो महिलाओं की मौत

बागेश्वर। झिरौली और कपकोट थाना पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग घटनाओं में गृहक्लेश के चलते दो महिलाओं ने जहर गटक लिया। हालत बिगडऩे पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। इसमें एक महिला आंगनबाड़ी कार्यकत्री भी थी जिला अस्पताल की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार कपकोट तहसील के पनौरा गांव निवासी आंगनबाड़ी कार्यकत्री नंदी देवी (50) पत्नी मान सिंह ने शनिवार रात घर में रखा सल्फास खा लिया। थोड़ी ही देर में उसकी तबीयत बिगडऩे लगी। आनन-फानन में पति उसे जिला अस्पताल लाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एक अन्य घटना में झिरौली थाना पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत जनौटी पालड़ी गांव की 52 साल की लछिमा देवी पत्नी दरवान सिंह ने भी शनिवार रात पारिवारिक कलह के चलते सल्फास खा लिया। हालत बिगडऩे पर परिजन रात में ही उसे जिला अस्पताल लाए। उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस रविवार सुबह अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को लेकर पंचनामा भरवाया। देर शाम पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाल डीआर वर्मा ने बताया कि दोनों ही मामले की जांच कपकोट और झिरौली पुलिस को सौंप दी है। प्रथम दृष्टया मामला गृहक्लेश का लग रहा है।