Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 19, 2026

ऑनलाइन पंजीकरण पर फिर से विचार करे कुविवि: छात्रसंघ

बागेश्वर। कुमाऊं विश्वविद्यालय नये शिक्षा सत्र के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा रहा है। इस पर छात्रसंघ पदाधिकारियों ने सवाल उठाए हैं। कुलपति को ज्ञापन भेजकर 12वीं का रिजल्ट आने तक इसे स्थगित करने की मांग की। यदि पंजीकरण के बाद कोई छात्र बोर्ड परीक्षा में फेल होता है तो उसकी पंजीकरण राशि लौटाने की भी व्यवस्था पर बल दिया। छात्रसंघ उपाध्यक्ष जयदीप कुमार के नेतृत्व में छात्रसंघ पदाधिकारी बुधवार को प्राचार्य डॉ. अंजू अग्रवाल से मिले। उन्हें कुलपति के नाम का ज्ञापन सौंपा। छात्रों का कहना है कि विवि नये शिक्षा सत्र के तहत विभिन्न कक्षाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करा रहा है। इसका शुल्क भी लिया जा रहा है। अभी तक 12वीं का रिजल्ट तक नहीं आया है। बाद में प्रवेश नहीं मिलने के डर से सभी छात्र ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क जमा कर रहे हैं। बोर्ड परीक्षा का परिणाम कभी भी शत-प्रतिशत नहीं होता है। पंजीकरण शुल्क जमा करने के बाद यदि छात्र 12वीं की बोर्ड परीक्षा में फेल होता है तो उसका शुल्क वापस कराने की भी जिमेदारी विवि की होनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो छात्रसंघ आंदोलन को बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में महासचिव भूपेश कुमार, छात्रा उपाध्यक्ष विद्या पांडेय, गणेश कुमार आदि शामिल थे।

Advertisement