Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 4, 2026

खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर ने की आपातकालीन लैंडिंग

गोपेश्वर ( आखरीआंख समाचार ) चमोली जिले में बदरीनाथ यात्रियों को ले जा रहा हैरिटेज एविएशन का हेलीकाप्टर खराब मौसम में फंसकर गौचर में आपातकालीन लैंडिंग की गई। इस दौरान काफी देर तक यात्रियों की जान आफत में रही। उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि पायलट को मौसम खराब होने के चलते मार्ग को देखने में दिक्कतें आने पर लैंडिंग की गई। यात्री हेली मौसम सही होने के बाद वापस लौटा है।
देहरादून से बदरीनाथ जा रहा हैरिटेज कंपनी का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के चलते चमोली के पास फंस गया। बदरीनाथ मार्ग पर बारिश, कोहरा और बादल लगे होने से लोकेशन नहीं मिल पाई न मिल पाने के कारण पायलट ने हेलीकॉप्टर को चमोली के आसपास लैंड करना चाहा, लेकिन कोई सुरक्षित स्थान न मिलने पर वापस लौटा। कई चक्कर लगाने के बाद जब सुरक्षित स्थान नहीं मिला तो पायलट ने गौचर में आइटीबीपी के हेलीपैड पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई। हेलीकॉप्टर के पायलट रिटायर्ड कर्नल जेके सिंह ने बताया कि आइटीबीपी गौचर में सुरक्षित लैंडिंग हो पाई। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री सवार थे। उपजिलाधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर के पायलट ने चमोली से गौचर के बीच उड़ान के दौरान सुरक्षित लैंडिंग के लिए कई बार कोशिशें की।

Advertisement