March 16, 2026

जिपं अघ्यक्ष ने किया पगना- हन्योली मोटर मार्ग का निरीक्षण

बागेश्वर। जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव ने पगना, कठानी, हन्योली गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क का मलबा उनके घरों तक आ रहा है। इस पर अध्यक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई। कार्यदायी संस्था को जल्द इस पर रोकथाम करने के उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने पगना से एक किमी आगे से सत्तेश्वर तक सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताई। शनिवार को क्षेत्र भ्रमण पर आईं अध्यक्ष को जिपंसदस्य चंदन रावत ने बताया कि रूप राम के मकान से सत्तेश्वर मंदिर तक लोनिवि द्वारा अनदेखी की है। इसकी जांच की मांग की है। अध्यक्ष ने लोनिवि को शीघ्र सड़क का चौड़ीकरण करने के आदेश दिए। बोहाला के ग्राम प्रधान पूरन सिंह असवाल ने सड़क निर्माण के दौरान टचिंग ग्राउंड नहीं बनाए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इस कारण सड़क निर्माण का मलबा उनके घरों और खेतों में आ रहा है। नहरें क्षत्रिग्रस्त हो गई हैं। हन्योली में सड़क में कलमठ नहीं बनाए जाने से लोगों के घरों में घुस रहे पानी से ग्रामीणों ने निजात दिलाने की मांग की। इस मामले में लोनिव के ईई केके तिलारा ने कहा कि निविदा कराने के बाद ठेकेदार ने लापरवाही बरती थी। उसे जल्द मार्ग के चौड़ीकरण के आदेश दे दिए हैं। जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंदन रावत, गणेश मेहता, विवेक रावत तथा उमेश आदि मौजूद रहे।