July 3, 2024

आग से झुलसा युवक

रुद्रपुर ( आखरीआंख समाचार ) मोहल्ला खेड़ा में तेल भरा जलता दीया ऊपर गिर जाने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार मजदूरी का काम करने वाला श्याम सिंह पुत्र जय सिंह मोहल्ला खेड़ा में अपने जीजा के साथ रहता है। बताया जाता है कि गत सायं विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण उसने घर में ऊंचाई पर दीया जलाकर रखा था। किसी कार्य के लिए जब उसने दीया हटाना चाहा तो जलता दीया उसके ऊपर आ गिरा। दीये में तेल भरा होने के कारण आग उसके कपड़ों में लग गयी और वह धूं-धूं कर जलने लगा। शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गये। गंभीर रूप से झुलसे श्याम को उपचार के लिए तत्काल चिकित्सालय ले जाया गया। श्याम का चेहरा, पीठ व सीना बुरी तरह झुलस गया है।