बागेश्वर समेत कुछ जिलों में लगातार 4दिन तक भारी बारिश की आशंका
देहरादून। प्रदेश में अगस्त महीने के अंत में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून समेत कुछ जिलों में लगातार चार दिन तक भारी बारिश की आशंका जताई है। उत्तराखंड में 31 अगस्त तक लगातार हल्की से मध्यम स्तर तक सभी जिलों में बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान देहरादून सहित पांच-छह अन्य जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले चार दिन अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश जगह बारिश होने की संभावना है। 28 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर जिलों में तीव्र दौर के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 29 अगस्त को पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका है। 30 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 31 अगस्त को पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी, देहरादून, टिहरी जिलों में कहीं-कहीं तीव्र दौर के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान चारों दिन प्रदेश में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।
