Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

हाथरस की घटना से गुस्साए सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन

बागेश्वर। उत्तर-प्रदेश के हाथरस में हुई घटना से सफाई कर्मचारियों में बेहद गुस्सा है। आक्रोशित वाल्मीकि समाज के पर्यावरण मित्रों ने शनिवार को नगर की सफाई का बहिष्कार किया। उन्होंने नगरपालिका परिसर में प्रदर्शन कर पीडि़ता को न्याय दिलाने की मांग की। यूपी सरकार से हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने को कहा। कर्मचारियों ने त्वरित न्याय नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष तेजपाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने हाथरस की घटना को बेहद निंदनीय बताया। कहा कि युवती के साथ बेहद क्रूरता की गई। यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने महिला सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा कि समाज में इस तरह के कृत्य करने वालों का कोई स्थान नहीं है। ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि घटना के विरोध में पर्यावरण मित्रों ने एक दिन का कार्य बहिष्कार किया है। अगर जल्द पीडि़ता और उसके परिवार को न्याय नहीं मिला तो उग्र आंदोलन भी किया जाएगा। इस मौके पर मदन लाल, विजेंद्र, बॉबी, संजय कुमार, राकेश कुमार, मदन चैहान, मुन्नी देवी, रेखा देवी, मिथिलेष, शकुंतला देवी, ललिता देवी आदि मौजूद रहे।

Advertisement