पुलिस ने भांग की खेती नष्ट
बागेश्वर। सिमकूना गांव में पुलिस ने भांग की खेती नष्ट की। इस दौरान शांति भंग कर रहे दो लोगों का चालान भी काटा। पुलिस ने ग्रामीणों को भांग की खेती के दुरुपयोग की जानकारी दी। भांग की पैदावार नहीं करने के लिए जागरूक भी किया। एसओ प्रहलाद सिंह ने बताया कि सिमकूना गांव के ग्वाड़ी तोक निवासी कुंदन राम ने 112 में फोन किया। उसने गांव के नंदन राम के खिलाफ अवैध रूप से भांग की खेती करने की शिकायत की। शनिवार की पुलिस की टीम गांव गई तो वहां कई खेतों में भांग उगाई जा रही थी। जिसके बाद पुलिस ने खेतों घुसकर भांग की खेती को नष्ट किया। लोगों को भांग के नशे से समाज को हो रहे नुकसान के बारे में भी बताया। वहीं पुलिस ने नंदन राम के खिलाफ शिकायत की जांच करने गई तो उसने शिकायतकर्ता पर ही मारपीट करने का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों का पुलिस एक्ट में चालान काटा और उन्हें भविष्य में शांति भंग नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ा गया। एसओ ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा।
