75 लाख की अवैध आतिशबाजी पुलिस ने की जब्त
पिथौरागढ़। जिला मुयालय में बगैर लाइसेंस के रिहायशी इलाकों में रखी गई 75 लाख की आतिशबाजी पुलिस ने जब्त कर ली। पुलिस ने इस मामले में तीन व्यापारियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिले में अवैध पटाखों की बरामदगी का यह सबसे बड़ा मामला है।
पटाखा कारोबारियों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है। लाइसेंस लेने के साथ ही पटाखों का भंडारण रिहायशी इलाकों में नहीं करने का मानक भी बनाया गया है। नगर में कुछ व्यापारियों द्वारा बड़ी मात्रा में पटाखे का भंडारण किए जाने की सूचना पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कोतवाल रमेश तनवार की अगुवाई में तीन व्यापारियों के गोदामों में छापे मारकर 75 लाख रुपये के बम, राकेट और अन्य पटाखे बरामद कर लिए। व्यापारी लाइसेंस और भंडारण की अनुमति नहीं दिखा सके। कोतवाल तनवार ने बताया कि पटाखे रिहायशी इलाकों में रखे गए थे। इससे अग्निकांड का खतरा था। उन्होंने बताया कि व्यापारी चंद्रप्रकाश गुप्ता, करन सिंह भंडारी और मोहन सिंह खड़ायत के पास से पटाखे बरामद किए गए। तीनों के खिलाफ धारा 286 एवं 9(बी) विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। व्यापारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई से पटाखा व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कोतवाल रमेश तनवार ने कहा है कि बगैर लाइसेंस के और रिहायशी इलाकों में पटाखे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने वैध लाइसेंसधारी दुकानदारों से आह्वान किया कि निर्धारित स्थल पर ही आतिशबाजी की दुकानें लगाएं। साथ ही बाजार में आतिशबाजी की बिक्री करने पर सत कार्रवाई की हिदायत दी।
