Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 29, 2026

वेतन की मांग को लेकर रोडवेज संविदा कर्मी मुखर 

नैनीताल। उत्तराखंड रोडवेज संविदा विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन की शुक्रवार को हुई आम बैठक में कर्मचारियों के लंबित वेतन को लेकर निगम प्रशासन की मुखालफत की गई। पांच माह के वेतन की मांग को लेकर कर्मचारियों ने नारेबाजी की। फरसौली रोडवेज कार्यशाला में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए काठगोदाम शाखा अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा कि संविदा कर्मचारी न्यूनतम मेहनताने पर एक नियमित कर्मचारी के समकक्ष अथवा अधिक कार्य कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बीते पांच माह से वेतन न मिल पाने के कारण उनके परिवार के समक्ष रोजी रोटी का संकट गहरा गया है। वर्तमान में बचों के स्कूल, फीस समेत अन्य खर्चे का समय है, लेकिन वेतन न मिल पाने के चलते कर्मचारी परेशान हैं। मांग करने पर उन्हें कोरे आश्वासन दिए जा रहे हैं। महामंत्री गोकुल सिंह ने निगम प्रबंधन से प्राथमिकता के साथ संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। कहा कि नियमितीकरण नहीं करने पर उन्हें एक समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ दिया जाए। बैठक में संगठन श्रेणी कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके निस्तारण के लिए कार्ययोजना पर कर्मियों के सुझाव भी लिए गए। भवाली डिपो के शाखा चुनाव के क्रम में संभावित तिथि तय कर शीघ्र घोषणा किया जाना तय किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पूरे प्रदेश भर में 2908 विशेष श्रेणी कर्मी कार्यरत हैं। लंबित वेतन व अन्य मांगों को लेकर एक साथ मिलकर अपने हितों की लड़ाई के लिए संघर्ष का ऐलान किया जाएगा। इस दौरान निगम प्रबंधन एवं शासन को ज्ञापन भी भेजा गया। बैठक में प्रदेश मंत्री हिमांशु उपाध्याय, जगदीश चंद्र, पंकज कुमार, विद्यासागर, अहमद, चंद्रकांत, कृपाशंकर, जगदीश, मयंक, महेश, भुवन, जगन सिंह, हरि शंकर, दिनेश जोशी, जगदीश जोशी, प्रताप सिंह संजय कुमार आदि उपस्थित रहे।

Advertisement