March 14, 2026

चार लाख की डिमांड करने वाले रेंजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर। लकड़ी तस्कर से चार लाख रुपये में लकड़ी चोरी का मामला दबाने का सौदा करने वाले रेंजर के खिलाफ वन विभाग के एसडीओ ने मुकदमा दर्ज करा दिया है। मामले का ऑडियो वायरल होने के बाद विभाग ने रेंजर को पहले ही निलंबित कर दिया था। विभागीय जांच के बाद अब केस कराया गया है। पुलिस को सौंपी तहरीर में एसडीओ शिवराज चंद ने बताया कि 18 अगस्त को 17 मिनट 55 सेकंड और पांच मिनट 53 सेकंड की दो ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हुयी थीं। आरोप था कि इन रिकॉर्डिंग में लकड़ी तस्कर से रेंजर लकड़ी चोरी का मामला दबाने का सौदा कर रहे हैं। एसडीओ ने बताया कि शुरुआती जांच में साफ हुआ कि रिकॉर्डिंग में एक आवाज आशीष मोहन तिवारी (तत्कालीन रेंजर किलपुरा रेंज) की होने की पुष्टि हुयी। दूसरी आवाज राणा नाम के किसी व्यक्ति की है, जिससे रेंजर बातचीत करते हुये अवैध तरीके से काटी गयी लकड़ी के एवज में चार लाख रुपये मांगते सुनायी दिये हैं। एसडीओ चंद ने बताया कि रेंजर तिवारी ने उत्तराखंड कर्मचारी/ अधिकारी आचरण नियमावली के विरुद्ध कार्य किया है। ऐसे में 19 अगस्त को ही प्रमुख वन संरक्षक के आदेश पर रेंजर को निलंबित कर प्रभागीय कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया था। उन्होंने मामले में मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने रेंजर आशीष मोहन तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसडीओ ने तहरीर के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग की सीडी भी पुलिस को सौंपी है।