March 5, 2026

पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आए युवक की मौत

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग संगम बाजार में सुरंग के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक युवक कानपुर सिसमौं का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब चार बजे बारिश के चलते संगम बाजार सुरंग के पास पहाड़ी दरक गई। इस दौरान पहाड़ी से गिरा पत्थर एक युवक के सिर पर लग गया। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि मृतक की जेब से एक मोबाइल और डीएल मिला है। बताया कि डीएल के आधार पर मृतक की शिनाख्त कानपुर सिसमों निवासी 27 वर्षीय अंकुर अवस्थी के रूप में हुई है। बताया कि अंकुर पांच दिन पूर्व ऊखीमठ में किसी होटल में रहा। वह बदरीनाथ से लौट रहा था। रुद्रप्रयाग में रुकने बाद फिर उसे ऊखीमठ जाना था। हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस की ओर से पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। उधर घटना पर नगर के लोगों ने दुख व्यक्त किया है। साथ ही प्रशासन से सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता करने की मांग की है। कहना है कि पूर्व में यहां कई घटनाएं हो चुकी हैं। यहां दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई लोग पत्थर गिरने से घायल हुए हैं। वाहनों पर भी पत्थर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद भी प्रशासन, एनएच और नगर पालिका की ओर से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।