March 20, 2026

संजीव आर्य के स्वागत समारोह में युवती ने किया  हंगामा

नैनीताल। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए पूर्व विधायक संजीव आर्य के स्वागत समारोह में एक युवती ने जमकर हंगामा काटा। युवती ने युवा कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पवन जाटव पर उत्पीड़न व प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मंच पर पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। इसे लेकर कार्यक्रम में अफरातफरी का माहौल रहा। कांग्रेसियों ने उसे समझाने किया लेकिन, युवती पवन जाटव पर कार्रवाई की मांग करते हुए कार्यक्रम स्थल के बाहर जमी रही।
रविवार शाम को नैनीताल क्लब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक संजीव आर्य के स्वागत में कार्यक्रम रखा। कार्यक्रम में माल्यापर्ण व औपचारिकताओं का दौर चल रहा था। इसी बीच मल्ली निवासी युवती शाजिया हल्ला करते हुए हॉल में घुस आई और सीधे मुख्य कार्यक्रम के मंच पर पहुंच गई। युवती का आरोप था कि उनके पारिवारिक मामलों पर यूथ कांग्रेस का पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पवन जाटव हस्तक्षेप कर रहे हैं। इस कारण कुछ दिन पूर्व उनके भाई ने आत्महत्या तक करने का प्रयास किया। आरोप लगाया की पवन जाटव पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व विधायक सहित शहर के बड़े व्यापारी का नाम लेकर उसके परिवार को धमकी दे रहा है। पुलिस पर दबाव डालकर वह जांच भी आगे नहीं बढ़ने दे रहा। अचानक हुए इस बवाल के कारण कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता युवती को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गए और उसे समझाने का प्रयास किया। मगर युवती कार्रवाई की मांग करते हुए कार्यक्रम स्थल के बाहर ही जमी रही। वहीं इस घटनाक्रम पर पवन जाटव ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि युवती उसे जबरदस्ती बदनाम करने की कोशिश कर रही है।