नई जिम्मेदारी : एनसीए प्रमुख का पद संभालेंगे वीवीएस लक्ष्मण
नई दिल्ली , । भारत के पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी के नए प्रमुख होंगे। रविवार को इसकी पुष्टि खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने की। बीसीसीआई प्रमुख से मीडिया ने पूछा क्या लक्ष्मण एनसीए के अध्यक्ष बनने जा रहे हैं तो उन्होंने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हां यह सही है। कुछ दिन पहले गांगुली ने लक्ष्मण को नेशनल क्रिकेट एकेडमी का अध्यक्ष बनने के लिए राजी किया था। लक्ष्मण एनसीए के पूर्व प्रमुख राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे जिन्हें हाल ही में राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हेड कोच बनाया गया है। भारत के पूर्व कप्तान और वर्तमान बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि पूर्व क्रिकेटर आगे आकर भारतीय क्रिकेट के विकास में योगदान दें। इससे पहले वह भारतीय क्रिकेट टीम के वर्तमान हेड कोच राहुल द्रविड़ को इस पद के लिए मनाने में सफल रहे। लक्ष्मण को एनसीए का प्रमुख बनाने के लिए सिर्फ गांगुली नहीं, बल्कि सचिव जय शाह समेत कई बीसीसीआई अधिकारी चाहते थे कि वह राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी के अध्यक्ष के रूप में काम करें।
इससे पहले बीसीसीआई सूत्रों ने बात करते हुए कहा था कि लक्ष्मण एनसीए के प्रमुख बनेंगे या नहीं यह उनके फैसले पर निर्भर करेगा, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के बीच खास रिश्ता है। द्रविड़ न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हो रही 17 नवंबर से टी-20 सीरीज से भारतीय टीम की हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल साल 2023 तक होगा।
भारतीय टीम का हेड कोच बनने के बाद राहुल द्रविड़ ने कहा था कि वह भारत को आगे ले जाएंगे। उन्होंने पूर्व कोच रवि शास्त्री की तारीफ करते हुए कहा था कि उनके कार्यकाल में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। वह उनकी विरासत को आगे ले जाने का काम करेंगे।
00
हम इतनी दूर बस सेमीफ़ाइनल जीतने के लिए नहीं आए हैं : नीशम
दुबई , । कोशिश करो और हर गेंद पर छक्का मारो यह थी जिमी नीशम की योजना जब वह डैरिल मिचेल का साथ देने क्रीज़ पर आए थे। न्यूज़ीलैंड को सेमीफ़ाइनल में इग्लैंड के ख़िलाफ़ 29 गेंदों में 60 रनों की आवश्यकता थी। नीशम ने 11 गेंदों का सामना करते हुए तीन बार गेंद को मैदान से बाहर भेजा और एक चौका भी लगाया।
नीशम ने पूरा ज़ोर लगाते हुए उन चारों गेंदों पर प्रहार किया। क्रिस जॉर्डन के ख़िलाफ़ उनका पहला छक्का बल्ले पर ठीक से नहीं लगने के बाद भी मिडविकेट सीमा रेखा के बाहर चला गया। उसके बाद उन्होंने फिर एक बार लेग साइड पर करारा शॉट लगाया और डीप मिडविकेट और लॉन्ग ऑन के बीच चौका बटोरा। नीशम ने फिर से गेंद को स्लॉग किया और ऐसा लग रहा था कि डीप मिडविकेट पर जॉनी बेयरस्टो ने कमाल का कैच लपक लिया है लेकिन रिप्ले में पता चला कि अपने साथी खिलाड़ी को गेंद थमाने से पहले उनका घुटना बाउंड्री को लग गया था।
नीशम ने लेग स्पिनर आदिल राशिद के ख़िलाफ़ भी अपने हाथ खोले और मिडविकेट की दिशा में अपना तीसरा छक्का लगाया।फ़ाइनल से पहले नीशम ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट की मीडिया टीम से कहा , जब मैंने क्रिस जॉर्डन को दूसरी ही गेंद पर छक्का लगाया तब डैज़ (डैरिच मिचेल) मेरे पास आए और उन्होंने पूछा, तुम क्या सोचते हो? मैंने सिफऱ् इतना कहा कि मैं हर गेंद पर छक्का लगाने जा रहा हूं। गेंद हमेशा बल्ले के बीच से नहीं निकलती है लेकिन अच्छा हुआ कि मैंने कुछ गेंदों पर आक्रमण किया और उन्हें मैदान से बाहर भेजा। अंत में हमने आराम से मैच जीत लिया।
नीशम के तीन छक्कों ने दूसरे छोर पर बड़े शॉट लगाने के लिए संघर्ष कर रहे मिचेल पर से दबाव को कम किया। राशिद ने नीशम को अपनी गुगली से फंसाया लेकिन उसके बाद मिचेल ने दो छक्कों और एक चौके के साथ जीत सुनिश्चित की। जबकि उनकी टीम के साथी 2015 विश्व कप में बढिय़ा खेल दिखा रहे थे, नीशम ने साउथ अफ्ऱीका के ख़िलाफ़ वह सेमीफ़ाइनल मैच दर्शक दीर्घा में बैठकर देखा था। उसके बाद क्रिकेट से उनका मन उठ गया और उन्होंने संन्यास लेने के बारे में भी सोचा। 2019 विश्व कप में दिल टूटने की बात न करें तो ही बेहतर है। 2021 में वह गेंदों को अबू धाबी के मैदान से बाहर भेज रहे थे।
नीशम ने कहा, एक सेमीफ़ाइनल जीतना जश्न मनाने के योग्य स्थिति है लेकिन हम इतनी दूर बस सेमीफ़ाइनल जीतने के लिए नहीं आए हैं। हमने अपने नजऱें महत्वपूर्ण अंतिम मैच पर जमाई हुई है। एक मैच अभी बाक़ी है और मुझे यक़ीन है कि अगर हम वहां जीत हासिल करते हैं तो भावनाओं का एक बड़ा प्रवाह होगा।
नीशम ने ज़ोर देकर कहा कि सेमीफ़ाइनल की जीत के उत्साह से प्रभावित होना न्यूज़ीलैंड के स्वभाव में नहीं है। साथ ही उन्होंने टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह 14 नवंबर के अंतिम मैच की तैयारियों में लग जाएंगे।
00
)हरियाणा के 12 खिलाडिय़ों को ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार
चंडीगढ़ ,। हरियाणा के खिलाडिय़ों द्वारा ओलम्पिक और पैरालंपिक-2020 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने पर आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2021 से आज खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह में हरियाणा के 12 खिलाडिय़ों और चार प्रशिक्षकों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन अवार्ड, द्रोणाचार्य लाईफ टाईम अवार्ड, द्रोणाचार्य अवार्ड और मेजर ध्यानचंद लाइफ़टाइम एचीवमेंट पुरस्कार मिला है। इनमें नीरज चोपड़ा, मनीष नरवाल, रवि कुमार दहिया और सुमित अंतिल को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, वहीं हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले आठ खिलाड़ी खेल और स्पर्धा 2021 में शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किए गए हैं। ये योगेश कथूनिया, सुरेंद्र पालड, सिंहराज अधाना, सुमित कुमार, दीपक पूनिया, हरविंदर सिंह, मोनिका मलिक और संदीप को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया है।
खेल और स्पर्धा 2021 में उत्कृष्ट कोचों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार (आजीवन श्रेणी) में सरकार तलवार और आशान कुमार को सम्मानित किया गया है। द्रोणाचार्य पुरस्कार (नियमित श्रेणी) में प्रीतम सिवाच को सम्मान मिला है। खेल और स्पर्धा 2021 में आजीवन उपलब्धियों के लिये सज्जन सिंह को ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
00
डब्ल्यूडब्ल्यूई सुपरस्टार सीना ने पुरुषों के टी20 वल्र्ड कप से साझा की धोनी की तस्वीर
ऑरलैंडो । वल्र्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) और हॉलीवुड सुपरस्टार जॉन सीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर साझा की है। तस्वीर में धोनी सीढिय़ों से नीचे उतरते और हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाते नजर आ रहे हैं।
सीना द्वारा साझा की गई तस्वीर उस समय की है, जब धोनी आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के दौरान भारतीय टीम के मेंटर के रूप में जुड़े थे। टीम के साथ धोनी का जुड़ाव अद्भुत काम नहीं करता, क्योंकि भारत मेगा इवेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने में विफल रहा।
सीना ने अक्सर अपने इंस्टाग्राम पर क्रिकेट स्टार सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसी प्रसिद्ध भारतीय हस्तियों की तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें धोनी का नाम सूची में नवीनतम है।
