March 7, 2026

अल्मोड़ा में सेना की मदद से वन विभाग ने आग पर पाया काबू


अल्मोड़ा। वन क्षेत्र के दलमोठी के जंगलों में लगी भीषण आग पर बीते सोमवार को पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग इतनी भीषण थी कि सेना के जवानों को भी वन विभाग की टीम की मदद के लिए मैदान में उतरना पड़ा था। तीन दिन तक आग बुझाने में जुटे रहे वन कर्मियों का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा था। प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने वन विभाग की टीम की सराहना की है। रानीखेत वन क्षेत्र के दलमोठी स्थित जागदेव बीट में गत नौ अप्रैल को अचानक वनाग्नि भड़क उठी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिलाधिकारी की पहल के बाद पंजाब रेजीमेंट के 45 और 14 डोगरा रेजीमेंट के 22 सैनिक भी वन विभाग की 50 सदस्यीय टीम की मदद को पहुंचे और आगू पर काबू पाने में जुट गए। प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव और वन क्षेत्राधिकारी हरीश टम्टा भी दो दिन तक मौके पर डटे रहे। डीएफओ के अनुसार 11 अप्रैल की दोपहर तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। लगातार तीन दिन आग बुझाने में लगे विभाग के कर्मचारियों व फायर वाचर का स्वास्थ्य भी बिगड़ने लगा, वे बुखार से पीड़ित होने लगे। डीएफओं ने आग बुझाने में जुटी वन विभाग की टीम की सराहना की। साथ ही सहयोग के लिए सेना का भी उन्होंने आभार जताया। भीषण आग में वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।