April 1, 2026

पर्यटकों से गुलजार हुई कौसानी


बागेश्वर कौसानी । मैदानी क्षेत्र में गर्मी में इजाफा होने का असर पहाड़ों में दिखने लगा है। शनिवार और रविवार को कौसानी पर्यटकों से गुलजार रही। यहां के अधिकांश होटल पैक रहे। लोगों ने अनशक्ति आश्रम से लेकर यहां की सुंदर वादियों का आनंद उठाया। गत दिनों हुई बारिश से यहां का मौसम खुशगवार बना हुआ है। सुबह और शाम हल्की सी ठंड पड़ रही है। जंगलों में भी अपेक्षाकृत धुआं कम है। इस कारण लोगों ने सूर्योदय और सूर्यास्त का विहंगम दृश्य भी देखा। इसी के लिए कौसानी जाना भी जाता है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष बबलू नेगी ने बताया कि दो साल बाद पहली बार कौसानी अपने पुराने रूप में दिख रहा है। कोरोना के चलते दो साल तक यहां न तो देसी पर्यटक आए और न विदेशी। इधर आंबेडकर जयंती, गुडफ्राइडे, शनिवार व रविवार को अवकाश होने के काररण दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, लखनऊ, मुरादबाद आदि स्थानों से पर्यटक पहुंचे है। कोरोना इसी शांत रहा तो इस बार गर्मियों का सीजन अच्छा होगा।