महीने के पहले दिन ही महंगाई का अटैक, 104 रुपये बढ़ गए गैस सिलेंडर के दाम
नई दिल्ली । मई महीने के पहले दिन महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 मई को एलपीजी गैस सिलेंडर के भाव में 104 रुपए तक प्रति सिलेंडर का इजाफा किया है। यह बढ़ोतरी घरेलू रसोई गैस सिलेंडर में नहीं बल्कि कमर्शियल गैस सिलेंडर में हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब 19 किग्रा कमर्शियल गैस का दाम 102.50 रुपए बढक़र 2,355 रुपए प्रति सिलेंडर हो गया।
19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर अब 2355.50 रुपए में मिलेगा। पहले इसकी कीमत 2253 रुपये थी। वहीं 5 किलो एलपीजी सिलेंडर की कीमत अभी 655 रुपये है। गौर हो कि इससे पहले एक अप्रैल को भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल हलवाई और रेस्टारेंट इत्यादि ज्यादा करते हैं। ऐसे में 102.50 रुपये की इस बढ़ोत्तरी से उनका मासिक बजट बिगडऩे वाला है। वहीं आगामी महीनों में शादियों के दौरान भी इनका बहुत इस्तेमाल होता है, तो कैटरिंग सर्विस वाले भी अपने दामों में इसकी वजह से बढ़ोत्तरी कर सकते हैं।
