March 11, 2026

उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ का प्रदर्शन


बागेश्वर। एरियर व वेतन नहीं मिलने पर उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ ने कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज कर्मचारियों ने जल संस्थान में प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगो की अनदेखी की गई तो आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। संघ से जुड़े कर्मचारी बुधवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि उन्हें मार्च से लेकर अब तक वेतन नहीं मिल पाया है। इसके अलावा गत वर्ष अप्रैल से इस साल मार्च तक का एरियर भी नहीं मिल पाया है। जिस कारण अल्प वेतनभोगी कर्मचारियों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। जबकि विभाग द्वारा फर्म को भुगतान कर दिया गया है, लेकिन फर्म उनकी उपेक्षा कर रहा है। उन्होंने जल संस्थान के ईई से लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की है। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। मांग करने वालों में शाखा अध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, मंत्री नवीन चंद्र, पूरन सिंह, राजू बिष्ट, नंदन प्रसाद, रमेश पांडे, जियाउल आदि मौजूद रहे।