Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 30, 2026

माल रोड पर पड़ रही दरारों को डामर डालकर भरा


नैनीताल। नैनीताल की लोअर माल रोड पर पड़ रही नई दरारों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। लोक निर्माण विभाग की टीम ने सोमवार को लोअर व अपर माल रोड पर पड़ रही दरारों को डामर डालकर भरा। मानसून के दौरान सड़क का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा। अगस्त 2018 में नैनीताल की लोअर मालरोड का करीब 30 मीटर हिस्सा टूटकर नैनीझील में समा गया था। इससे करीब एक माह से अधिक समय तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बंद रहा। लोनिवि ने काफी प्रयासों से सड़क के इस हिस्से की मरम्मत कर इसे चलने लायक बनाया, पर अब भी इसका पूर्ण रूप से स्थाई ट्रीटमेंट नहीं हो पाया है। पूर्व में झील में ड्रिलिंग कर पाइप लगाकर यहां पर ट्रीटमेंट का प्रयास किया गया था, पर यह योजना फेल हो गई। इसके बाद भी लगातार माल रोड के इस हिस्से में दरारें उभरती रही हैं, जिसे लोनिवि डामर डालकर भर देता है। पर अब भी इस संभावित खतरे का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोनिवि के अधिशासी अभिंयता दीपक गुप्ता ने बताया कि सड़क पर आ रही दरारों की जांच की गई है। इन्हें फिलहाल भरवा दिया गया है। मानसून के दौरान सड़क का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा।
राजभवन मार्ग जल्द शुरू होगा:  राजभवन मार्ग पर भी इन दिनों दरारें आने के बाद मार्ग को बंद कर दिया गया है। इस कारण वाहनों का पूरा दबाव माल रोड पर आ गया है। लोनिवि ने राजभवन मार्ग का भी काम शुरू करवा दिया है। कोशिश है कि मार्ग को जल्द से जल्द आवाजाही के लिए खोल दिया जाए, जिससे कि इस ओर आने वाले ट्रैफिक को भी नियमित किया जा सके।

You may have missed

Advertisement