Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 24, 2026

सीएम आवास कूच करने जा रहे बीपीएड एमपीएड प्रशिक्षितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून ( आखरीआंख समाचार )  प्राथमिक विद्यालयों में व्यायाम शिक्षकों की भर्ती किये जाने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच करने जा रहे बीपीएड एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान प्रशिक्षित बेरोजगारों की पुलिस के साथ तीखी नोक-झोंक हुई। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई जहां से कि सायं को उन्हें छोड़ दिया गया। आमरण अनशन पर बैठी हंसा बिष्ट के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है।
परेड ग्राउंड स्थित धरना स्थल पर बीपीएड एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए सीएम आवास कूच करने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धरना स्थल से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान की उनकी पुलिस के साथ तीखी नोक-झोंक हुई। उनका कहना था कि प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालयों में व्यायाम शिक्षक की नियुक्ति वर्षवार एवं वरिष्ठता के अनुसार की जाए। हंसा बिष्ट मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठी हैं लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा उनकी कोई सुध नहीं ली जा रही है। हंसा बिष्ट ने कहा है कि सरकार की ओर से जब तक उनकी मांगों के प्रति कोई निर्णय नहीं लिया जाता उनका आंदोलन जारी रहेगा। संगठन के संरक्षक हिमांशु राजपूत ने कहा है कि सरकारी विद्यालयों में घटती छात्र संख्या को स्थिर करने के लिए पीटीआई शिक्षक की प्रत्येक विद्यालयों में नितान्त आवश्यकता है। उन्होंने आत्मघाती कदम उठाये जाने की भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी की गाइडलाइन में कक्षा एक से कक्षा दस तक शारीरिक शिक्षा अनिवार्य की गई है परन्तु बच्चों के सर्वार्गीण विकास के लिए खेल, शिक्षा, शारीरिक शिक्षा पढ़ाने हेतु वास्तविक योग्यता के प्रशिक्षितों को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शासकीय एवं अशासकीय इंटर कालेज में व्यायाम विषय का प्रवक्ता का पद सृजित किये जाने की आवश्यकता है लेकिन अभी तक इस ओर किसी भी प्रकार की कोई कार्ययोजना तैयार नहीं की गई है। सरकार उनके हितों के लिए गंभीर नहीं दिखाई दे रही हे, जिससे बेरोजगारों में आक्रोश पैदा हो रहा है।
Advertisement