Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

बागेश्वर में पूर्ण धनराशि न मिलने से आवास योजना के कार्य अटके


बागेश्वर। वर्ष 2019- 20 में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को मात्र दो किस्त मिल सकी है। शेष तीन किस्तें न मिलने के कारण लाभार्थियों के आवास संबंधी कार्य नहीं हो पा रहे हैं । परेशान लाभार्थियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन सौंपकर शेष किस्तें जारी करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। सोमवार को नगर पालिका के मंडलसेरा उत्तरी वार्ड के लाभार्थियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। कहा कि नगर पालिका द्वारा गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए थे तथा दो किस्तों में राशि प्रदान की। परंतु इसके बाद से तीसरी, चौथी व पंचम किश्त प्रदान नहीं की है जिससे गरीब परिवारों को आवास सुविधा नहीं मिल पा रही है। कई लाभार्थी कर्ज में डूबे हुए हैं तथा किराये पर रहने को मजबूर हैं। उन्होंने शेष किस्तों का भुगतान कराए जाने की मांग की। इस दौरान सभासद कैलाश राम समेत लाभार्थी सूरज कुमार, चंपा देवी, आशा कर्म्याल, निशा देवी, पूजा, पानुली देवी, कमला देवी आदि उपस्थित थे।

Advertisement