अवैध लीसा निकासी का मामला पकड़ा, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट
अल्मोड़ा । भनोली तहसील के कछियोला नाप क्षेत्र में पेड़ों पर अवैध रूप से लीसा लगाए जाने की शिकायत पर वन विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है। विभागीय टीम ने जांच के दौरान अवैध रूप से लगाए गए लीसा को चिह्नित कर संबंधित मामले में अपराध पंजीकृत किया है। इसके अलावा निर्धारित आमद से अधिक पाए गए लीसा को जब्त कर धौलादेवी मोटर मार्ग स्थित लीसा डिपो में भंडारित किया गया है। ग्राम कछियोला, पोस्ट तापनी निवासी किशन सिंह पुत्र लाल सिंह ने लीसा छेवक राजेंद्र पांडेय के खिलाफ कछियोला नाप क्षेत्र में अवैध रूप से लीसा लगाए जाने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर वन क्षेत्र की ओर से टीम गठित कर उप वन क्षेत्राधिकारी से मामले की जांच कराई गई। टीम ने शिकायतकर्ता की ओर से बताए गए स्थानों का निरीक्षण किया, जहां पेड़ों पर अवैध रूप से लीसा लगाया जाना पाया गया। वन विभाग के अनुसार, प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। लीसा छेवक को अनधिकृत गतिविधियों के लिए ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति भी प्रभागीय वनाधिकारी को भेजी गई है। विभाग की ओर से ठेकेदार के अन्य नाप क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
