कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा घाटों पर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ा। सुबह से ही हरकी पैड़ी समेत शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयकारों के बीच भक्तों ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन-पूजन किया और जरूरतमंदों को दान देकर पुण्य अर्जित किया। ब्रह्मकुंड, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, कुशावर्त घाट, विष्णु घाट और प्रेमनगर आश्रम घाट पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
आसपास के जिलों के साथ ही उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे। कई परिवार एक दिन पहले ही हरिद्वार आ गए थे। सूर्योदय से पहले ही घाटों पर स्नान करने वालों की कतारें लग गई थीं। मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, दीपदान और अन्नदान का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दीपदान किया और जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, अनाज और भोजन वितरित किया। मंदिरों में पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु और मां गंगा से परिवार की खुशहाली की कामना की।
