नशीले इंजेक्शनों के साथ बीफार्मा के छात्र पकड़े
रुड़की। एसटीएफ और पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों से नशे के 21,360 कैप्सूल और 2490 इंजेक्शन बरामद किए। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसटीएफ को बुधवार देररात सूचना मिली कि दो युवक बाइक पर सवार होकर नशे की दवाओं की खेप लेकर रुड़की की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलने पर एसटीएफ इंस्पेक्टर शरद चन्द गुसाई के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मंडावर चेकपोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाया। कुछ देर बाद ही बाइक पर सवार दो युवक दो पेटियों में कुछ सामान लेकर वहां पहुंचे। तलाशी के दौरान उनके पास एक पेटी में 21360 कैप्सूल और दूसरी पेटी में 2490 इंजेक्शन मिले। पुलिस ने दोनों युवकों को थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मुख्तदिर अहमद निवासी ग्राम नन्हेड़ा थाना क्षेत्र भगवानपुर और नदीम निवासी बिझौली कोतवाली क्षेत्र मंगलौर बताया। पुलिस के दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर बाइक सीज कर दी।
