March 3, 2026

दुकानों को लेकर व्यापारियों और पालिका में बढ़ी रार


बगोश्वर। । दुर्गा पूजा महोत्सव और रामलीला मंचन के दौरान नुमाईशखेत मैदान में नगर पालिका ने अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए दुकानें बनाई। इनके आवंटन होते ही विरोध शुरू हो गया। पहले दिन व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। दूसरे दिन भी दुकान को लेकर रार बढ़ गई। व्यापारियों ने एसडीएम से मुलाकात कर दुकान हटाने की मांग की। कहा कि महोत्सव स्थल का व्यावसायीकरण कतई नहीं होने दिया जाएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि नुमाइशखेत मैदान नगर पालिका परिषद का है। यहां रामलीला मंच भी है। प्रतिवर्ष रामलीला के साथ ही दुर्गा और देवी पूजा महोत्सव का भी आयोजन होता है। पालिका ने आय बढ़ाने के लिए इस बार नुमाइशखेत मैदान में बाहर से आए व्यापारियों को दुकानें आवंटित कर दी हैं। जो ठीक नहीं है। महोत्सव पूजा स्थल में लोग व्रत आदि करके पहुंचते हैं। यहां बाहरी क्षेत्र के लोगों को दुकान देकर पालिका ने ठीक नहीं किया। इससे सौहार्द्र बिगड़ने का खतरा रहता है। पालिका को इसे निरस्त करना होगा। उन्होंने एसडीएम से कहा कि पालिका ने जो दुकानें आवंटित की हैं। उन्हें भी तत्काल मैदान से हटाना चाहिए। नगर पालिका ईओ सतीश कुमार ने कहा की हैंडलूम की प्रदर्शनी के लिए दुकानें दी गई हैं। इससे पालिका की आय में बढ़ोतरी हो रही है। एसडीएम हरगिरी ने व्यापारियों और नगर पालिका से बैठक कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर राहुल साह, पुष्कर किरमोलिया, हरीश सोनी, इंदू चौधरी आदि मौजूद रहे।